देहरादून: शिवा वर्मा के विवाह उपलक्ष्य में आयोजित माता की चौकी में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

देहरादून,06 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
शुक्रवार को देहरादून के रेसकोर्स स्थित अमरीक हॉल में आयोजित माता की चौकी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा द्वारा अपने सुपुत्र शिवा वर्मा के विवाह उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां भगवती से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य भी करते हैं।
मुख्यमंत्री ने अशोक वर्मा एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए शिवा वर्मा के दांपत्य जीवन के लिए मंगलकामनाएं भी व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे पावन अवसर पर माता की चौकी का आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति हमारी आस्था को दर्शाता है।
कार्यक्रम में भक्ति भाव से माता के भजन-कीर्तन हुए, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



