हरिद्वार में ग्राम प्रधान के घर पर हमला, 15 से अधिक घायल, महिलाओं-बच्चों से भी मारपीट

हरिद्वार 04 मार्च। सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में बुधवार शाम करीब छह बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के आवास पर 20 से अधिक लाठी-डंडों से लैस लोगों ने अचानक धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की।
इस हमले में ग्राम प्रधान प्रमोद पाल, उनके भाई मनोज कुमार समेत 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर कई वाहनों से मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के हमला शुरू कर दिया। घर के भीतर मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से बेरहमी से प्रहार किए गए। आरोप है कि इस हमले में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष समेत कई लोग शामिल थे, हालांकि पुलिस की ओर से अभी किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान और हमलावरों के बीच पूर्व से किसी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से यह हमला किया गया। हमले के दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और काफी देर तक उत्पात मचाते रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


