दून पुलिस की मुस्तैदी से होली पर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न

देहरादून 04 मार्च। रंगों और खुशियों के पावन पर्व होली को हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी दून द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए थे। साथ ही आपसी सौहार्द बिगाड़ने अथवा अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई के भी निर्देश जारी किए गए।
इन निर्देशों के अनुपालन में दून पुलिस द्वारा जनपद के चप्पे-चप्पे पर पूर्ण मुस्तैदी के साथ पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की सतर्कता और तत्परता के चलते होली का पर्व जनपद में सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
पुलिस व्यवस्था की प्रभावशीलता का परिणाम यह रहा कि किसी भी क्षेत्र से किसी प्रकार के हुड़दंग या अव्यवस्था की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। दून पुलिस कप्तान के निर्देशन में की गई चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की जनपद के संभ्रांत व्यक्तियों एवं आमजनमानस द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा दून पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।
अंत में दून पुलिस परिवार की ओर से सभी देशवासियों को रंगों एवं हर्षोल्लास के पावन त्यौहार होली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।


