उत्तराखण्डराज्यराष्ट्रीय

अजमेर से प्रधानमंत्री ने किया एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, हल्द्वानी से मुख्यमंत्री धामी हुए वर्चुअल रूप से शामिल

हल्द्वानी/देहरादून 28 फ़रवरी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री धामी ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा टीकाकरण के लिए आई बालिकाओं से संवाद कर उन्हें इस टीके के लाभों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर आज मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। भारत में वर्ष 2024 में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की दुःखद मृत्यु हुई। इसी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिससे भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अजमेर से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में पहले चरण में 155 केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर कोल्ड-चेन व्यवस्था सुदृढ़ की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक परिवर्तन हुआ है। जहां पहले 387 मेडिकल कॉलेज थे, आज उनकी संख्या बढ़कर 819 हो गई है। पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित कर मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ के लक्ष्य के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। राज्य में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएँ उपलब्ध हैं तथा हल्द्वानी में राज्य के पहले आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका उनके स्वस्थ भविष्य का सुरक्षा कवच है। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों और सामाजिक संगठनों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button