जन संघर्ष मोर्चा ने डाकपत्थर संयुक्त चिकित्सालय संचालन व निजी अस्पतालों की लूट पर सख्ती की मांग उठाई

देहरादून 26 फरवरी । जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे से मुलाकात कर खंडहर में तब्दील हो चुके संयुक्त चिकित्सालय, डाकपत्थर को शीघ्र संचालित करने की दिशा में पद सृजन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराने की मांग की। साथ ही, निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों से की जा रही कथित लूट—विशेषकर आईसीयू, वेंटिलेटर, मृत मरीजों तथा आयुष्मान व गोल्डन कार्ड धारकों के इलाज में—पर अंकुश लगाने के लिए विजिलेंस सेल के गठन का आग्रह किया।
सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे ने चारधाम यात्रा से पूर्व डाकपत्थर अस्पताल को संचालित करने तथा निजी अस्पतालों की अनियमितताओं पर रोक के लिए विजिलेंस सेल गठन की दिशा में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
नेगी ने कहा कि निजी अस्पतालों में जिस प्रकार से गंभीर मरीजों और उनके परिजनों से मनमानी वसूली की जा रही है, उससे प्रतीत होता है कि कुछ संस्थान सेवा केंद्रों के बजाय लूट केंद्र बनते जा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आयुष्मान व गोल्डन कार्ड के तहत इलाज कराने वालों के साथ हो रही अनियमितताओं की गहन जांच की जाए तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि उक्त संयुक्त चिकित्सालय मोर्चा के प्रयासों से कई माह पूर्व शासन को हस्तगत हो चुका है। मोर्चा का स्पष्ट संदेश है कि किसी भी प्रकार की मनमानी और लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में भीम सिंह बिष्ट भी उपस्थित रहे।



