उत्तराखण्डयातायात संबंधीराष्ट्रीय

गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ–हरिद्वार विस्तारीकरण पर प्रस्तुतीकरण, दो एलाइनमेंट विकल्पों पर हुआ मंथन

देहरादून 25 फरवरी। यूपीडा (Uttar Pradesh Expressways Industrial Development Authority) के अधिकारियों ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन के समक्ष गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ से हरिद्वार तक विस्तारीकरण से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में एक्सप्रेसवे के दो तुलनात्मक एलाइनमेंट विकल्प प्रस्तुत किए गए, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रस्तुतीकरण में पहला एलाइनमेंट विकल्प मेरठ–मुजफ्फरनगर–हरिद्वार जनपदों से होकर गुजरने वाला बताया गया, जबकि दूसरा विकल्प हापुड़–मेरठ–मुजफ्फरनगर–हरिद्वार जनपदों को कवर करता है। दोनों विकल्पों के तकनीकी, भौगोलिक एवं व्यवहारिक पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
प्रारंभिक औपचारिकताओं और अंतरराज्यीय समन्वय पर दिए निर्देश
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने यूपीडा को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की ओर से की जाने वाली अग्रिम औपचारिकताओं—जैसे भूमि उपलब्धता, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पर्यावरणीय स्वीकृतियां, पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आवश्यक अंतरराज्यीय समन्वय—से संबंधित प्रारंभिक कार्यवाही का एक विस्तृत और स्पष्ट प्रारूप तैयार किया जाए।
बैठक में सचिव पंकज पांडेय, अपर सचिव विनीत कुमार तथा यूपीडा की ओर से चुनकु राम पटेल, विनय प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यह भी संकेत दिया गया कि गंगा एक्सप्रेसवे का यह विस्तारीकरण दोनों राज्यों के बीच आवागमन, आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को नई गति प्रदान करेगा।

Related Articles

Back to top button