पीएनबी ने डीएफएस परिसर में सैलरी अकाउंट फैसिलिटेशन कैंप का किया आयोजन
देहरादून,18 फरवरी 2026।
सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में शामिल पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) परिसर में सैलरी अकाउंट फैसिलिटेशन कैंप का आयोजन किया गया। डीएफएस की पहल पर आयोजित इस कैंप का उद्देश्य केंद्र सरकार के कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल पर ही निर्बाध एवं सुगम बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
कैंप को डीएफएस के सचिव श्री एम. नागराजू तथा पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री अशोक चंद्र ने संबोधित किया। इस अवसर पर डीएफएस की संयुक्त सचिव श्रीमती शालिनी पंडित, संयुक्त सचिव श्री मनोज मुत्ताथिल अय्यप्पन, डीडीजी श्री चंद्रदीप कुमार झा, पीएनबी के कार्यपालक निदेशक श्री बिभु प्रसाद महापात्र सहित डीएफएस और बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डीएफएस की पहल के अंतर्गत सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के लिए विशेष ‘कस्टमाइज्ड सैलरी पैकेज’ पेश किए गए हैं, जो न केवल वित्तीय सुविधाएं प्रदान करते हैं बल्कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को व्यापक सुरक्षा भी उपलब्ध कराते हैं।
इस अवसर पर डीएफएस सचिव श्री एम. नागराजू ने कहा कि यह पहल केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों तक वित्तीय सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कर्मचारियों से शिविर में सक्रिय भागीदारी कर वेतन खाता पैकेजों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
वहीं पीएनबी के एमडी एवं सीईओ श्री अशोक चंद्र ने कहा कि डीएफएस की पहल पर सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा व्यापक सैलरी अकाउंट पैकेज की पेशकश किया जाना हर्ष का विषय है। यह पैकेज सरकारी कर्मचारियों को आधुनिक बैंकिंग सुविधा, वित्तीय सुरक्षा, बीमा संरक्षण तथा मूल्य वर्धित सेवाएं प्रदान करने के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है।
सैलरी अकाउंट पैकेज की प्रमुख विशेषताएं
व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा एवं हवाई दुर्घटना कवर
टर्म लाइफ इंश्योरेंस, हॉस्पिकैश लाभ, नि:शुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच एवं टेली-परामर्श सहित वेलनेस प्रोग्राम
कस्टमाइज्ड या पसंदीदा खाता संख्या की सुविधा तथा तत्काल ओवरड्राफ्ट
आवास, वाहन, शिक्षा एवं व्यक्तिगत ऋण पर रियायती ब्याज दरें
आजीवन नि:शुल्क डेबिट कार्ड, जिसमें शॉपिंग, यात्रा, मनोरंजन एवं अन्य लाइफस्टाइल श्रेणियों में आकर्षक वाउचर व छूट
आकर्षक ऑफर्स के साथ आजीवन नि:शुल्क क्रेडिट कार्ड
यह कैंप सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा कर्मचारी-केंद्रित और सुलभ बैंकिंग समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।