अपराधउत्तराखण्ड

उत्तराखण्ड में नकली दवाओं के कारोबार पर एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, तीन और आरोपी गिरफ्तार

देहरादून 18 फरवरी,2026 । उत्तराखण्ड में नकली दवाओं के संगठित कारोबार के विरुद्ध एसटीएफ उत्तराखण्ड की सर्जिकल स्ट्राइक लगातार जारी है। इस प्रकरण में एसटीएफ अब तक कुल 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसी क्रम में एसटीएफ ने ब्रांडेड दवा कंपनियों की जीवन रक्षक दवाओं की हूबहू नकल कर नकली दवाएं तैयार कर बाजार में बेचने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि दिनांक 01 जून 2025 को प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नकली रैपर, नकली आउटर बॉक्स, लेबल एवं क्यूआर कोड भारी मात्रा में बरामद किए गए थे। इस मामले में एक अभियुक्त संतोष कुमार को पूर्व में गिरफ्तार कर थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
एसटीएफ के लिए ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं तैयार कर बाजार में बेचने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करना एक बड़ी चुनौती रहा है। विवेचना के दौरान पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त नवीन बंसल उर्फ अक्षय पुत्र महावीर प्रसाद बंसल, निवासी भिवाड़ी (राजस्थान) का नाम सामने आया, जिसने नरेश धीमान, लोकेश गुलाटी एवं मोहतरम अली से ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं खरीदकर बाजार में विक्रय किया तथा संगठित अपराध में उनका सहयोग लिया।
इसके उपरान्त एसटीएफ टीम द्वारा मैनुअल पुलिसिंग करते हुए दिनांक 17 फरवरी 2026 को अभियुक्तों के घरों पर दबिश दी गई और रुड़की व देवबंद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूर्व में बरामद सामग्री
अभियुक्तों से पहले की कार्रवाई में—
263 किलोग्राम पैरासिटामोल
2490 किलोग्राम जिंक पाउडर
पैरासिटामोल की 5000 टैबलेट
Oxalgin-DP की 16,200 टैबलेट
बरामद की गई थीं।
उत्तराखण्ड राजकीय प्रयोगशाला की जांच में उपरोक्त सभी दवाएं, निर्माण सामग्री एवं पैकिंग मैटेरियल नकली पाए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
नरेश धीमान पुत्र सतीश कुमार, निवासी 734 मकतूलपुरी, रुड़की, जनपद हरिद्वार।
लोकेश गुलाटी पुत्र खेम चंद गुलाटी, निवासी मकान संख्या 84, गली संख्या 02, रामनगर, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार।
मोहतरम अली पुत्र मुशरफ अली, निवासी मोहल्ला पठानपुरा, भायला रोड, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर।
एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि नकली दवाओं के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button