प्रशिक्षण से मिलती है चुनौतियों को अवसर में बदलने की सीख : धामी
भाजपा दीनदयाल उपाध्याय मंडल में प्रशिक्षण महाअभियान कार्यशाला संपन्न
संगठन से राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य, प्रशिक्षण से कार्यकर्ता निर्माण : अमरपाल
प्रशिक्षित कार्यकर्ता वोट के साथ जनता का विश्वास भी अर्जित करता है : भट्ट

देहरादून, 17 फरवरी।भारतीय जनता पार्टी के दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित मंडल स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को केवल संगठनात्मक दक्षता ही नहीं देता, बल्कि चुनौतियों को अवसर में बदलने की व्यावहारिक सीख भी प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके संगठनात्मक कार्यक्रम निर्बाध गति से लगातार चलते रहते हैं। समय-समय पर होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन में नवीनता, ऊर्जा और सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। इसी सतत प्रक्रिया के कारण आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर स्थापित हुई है।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को यह स्पष्ट दिशा देता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुँचना है और उसे विकास की मुख्यधारा में सहभागी कैसे बनाना है। यह प्रशिक्षण संवेदनशीलता, समर्पण और जनसेवा की भावना को मजबूत करता है।
जनता झूठ और भ्रम पर नहीं, कार्यों पर विश्वास करती है : सीएम धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की जनता ने बार-बार भाजपा को अवसर दिया है, जो यह दर्शाता है कि जनता झूठ, भ्रम, अफवाह और खोखले वादों पर विश्वास नहीं करती।
उन्होंने रोजगार के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले 25 वर्षों में प्रदेश में 42 हजार से अधिक सरकारी नौकरियाँ दी गई हैं, जिनमें से 28 हजार नौकरियाँ पिछले चार वर्षों में नकल निरोधक कानून के तहत पारदर्शी व्यवस्था से दी गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति नहीं करती, बल्कि समाज के मार्गदर्शन की भूमिका भी निभाती है।
संगठन से राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को साकार करता है प्रशिक्षण : अमरपाल
क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रभारी श्री अमरपाल मौर्य ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान “कार्यकर्ता निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण” की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सिद्धांतों पर आधारित यह प्रशिक्षण, संगठन को मजबूत करने और समाज के प्रति उसकी भूमिका को और प्रभावी बनाने का माध्यम है।
प्रशिक्षित कार्यकर्ता जनता का विश्वास भी अर्जित करता है : महेंद्र भट्ट
समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के सामाजिक कार्यक्षेत्र की कुशलता और विस्तार के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की यही वृहद और सतत प्रशिक्षण श्रृंखला उसे दुनिया की सबसे बड़ी और श्रेष्ठ पार्टी बनाती है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता केवल वोट नहीं, बल्कि जनता का विश्वास भी अर्जित करता है।
छह श्रेणियों में होगा प्रशिक्षण, बूथ से प्रदेश स्तर तक विस्तृत कार्ययोजना
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने प्रशिक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले दिनों में छह विभिन्न श्रेणियों में प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे—
संगठन, मोर्चा, प्रकोष्ठ व विभाग
जनप्रतिनिधि
मीडिया एवं सोशल मीडिया
नव प्रवेशी
कार्यालय सचिव, सहायक, जनसंपर्क अधिकारी, व्यक्तिगत सहायक आदि
उन्होंने बताया कि
24 फरवरी को कुमाऊं मंडल
26 फरवरी को गढ़वाल मंडल
7 से 14 अप्रैल के मध्य मंडल प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे।
बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रशिक्षण की अवधि, सत्र संख्या और रात्रि प्रवास सुनिश्चित किया गया है।
पंच परिवर्तन को जीवनचर्या में उतारने का आह्वान
बैठक में शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य बोध जैसे पंच परिवर्तन को जीवनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया गया।
वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार, श्री तरुण बंसल, श्रीमती दीप्ति रावत, प्रदेश मंत्री श्रीमती नेहा जोशी, विधायक श्री खजान दास, श्री विनोद चमोली, श्रीमती आशा नौटियाल, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर चौहान सहित बड़ी संख्या में प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।