महाशिवरात्रि पर खटीमा सिविल न्यायालय में अधिवक्ताओं के लिए नव निर्मित चैम्बर का लोकार्पण, मुख्यमंत्री ने 2.50 करोड़ की नई घोषणा की
खटीमा, 15 फरवरी 2026।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा सिविल न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए चैम्बर का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को महाशिवरात्रि पर्व एवं नवीन चैम्बर के निर्माण की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह चैम्बर अधिवक्ताओं के लिए न्यायिक विमर्श और विधि अध्ययन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जिससे न्यायिक कार्य अधिक सरल, त्वरित और प्रभावी होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की न्याय व्यवस्था को पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। पुराने और अप्रासंगिक कानूनों को हटाकर भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 को लागू किया गया है, जिससे न्याय प्रणाली अधिक प्रभावी हुई है।
उन्होंने ई-कोर्ट्स प्रोजेक्ट, नेशनल ज्यूडिशियल डेटा ग्रिड, फास्ट ट्रैक एवं स्पेशल कोर्ट, महिला एवं बाल अपराधों के लिए त्वरित न्याय तंत्र, ऑनलाइन सुनवाई और डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से न्याय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद देशभर में लगभग 7 हजार से अधिक न्यायालय भवनों एवं 11 हजार आवासीय इकाइयों का निर्माण किया गया है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि इसी प्रेरणा से उत्तराखंड में भी न्याय व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने और विधि शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए 20 नए चैम्बर निर्माण हेतु 2 करोड़ 50 लाख रुपये की घोषणा भी की और कहा कि खटीमा का हर क्षेत्र में समग्र विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक गोपाल सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, जिला जज सिकंद कुमार त्यागी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिला जज मंजू सिंह मुंडे, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, बार एसोसिएशन अध्यक्ष सूरज प्रकाश राणा, सचिव भरत पांडे, अधिवक्ता गोपाल सिंह बिष्ट, के.डी. भट्ट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित