धामी सरकार का बड़ा फैसला: राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में बढ़ोतरी, शहीदों के आश्रितों और विकलांग आंदोलनकारियों को बड़ी राहत
देहरादून 12 फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के सम्मान एवं कल्याण की दिशा में एक अहम निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर राज्य सरकार ने विभिन्न श्रेणियों में दी जा रही पेंशन राशि में उल्लेखनीय वृद्धि को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
सरकार के निर्णय के अनुसार, उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान 07 दिन जेल गये अथवा आंदोलन के दौरान घायल हुए आंदोलनकारियों की मासिक पेंशन ₹6000 से बढ़ाकर ₹7000 कर दी गई है। वहीं, जेल गये या घायल श्रेणी से भिन्न अन्य राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4500 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह कर दी गई है।
इसके अतिरिक्त, राज्य आंदोलन के दौरान विकलांग होकर पूर्णतः शय्याग्रस्त (Bedridden) हुए आंदोलनकारियों की विशेष पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह कर दी गई है, जो सरकार की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।
साथ ही, राज्य आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3000 से बढ़ाकर ₹5500 प्रतिमाह कर दी गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों का त्याग और बलिदान प्रदेश के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। राज्य सरकार आंदोलनकारियों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पेंशन वृद्धि का यह निर्णय आंदोलनकारियों और उनके परिजनों के प्रति सरकार की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है।
