उत्तराखण्डविशेष समाचार

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में गौ संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘गौदान’ का किया अवलोकन, उत्तराखण्ड में टैक्स फ्री करने की घोषणा

देहरादून 11 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित सेन्ट्रियो मॉल, हाथीबड़कलां में गौ संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘गौदान’ का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म की विषयवस्तु की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, ग्राम्य जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा अत्यंत सार्थक एवं प्रेरणादायी प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गाय केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि, पोषण तथा पर्यावरण संरक्षण की मजबूत आधारशिला भी है। ‘गौदान’ जैसी फिल्में समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गौ संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित इस फिल्म को राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड में टैक्स फ्री किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और गौ संरक्षण का संदेश व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली फिल्मों को प्रोत्साहित करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, निराश्रित गोवंश के संरक्षण, पशुपालकों को प्रोत्साहन तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य गौ आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
फिल्म के निर्माता श्री विनोद कुमार चौधरी सहित पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पावन भूमि कला, साहित्य और संस्कृति की समृद्ध धरोहर रही है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रदेश में प्रभावी फिल्म नीति लागू की गई है, जिसके तहत फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, शूटिंग के लिए सरल अनुमति प्रक्रिया तथा स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। नई फिल्म नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और राज्य में फिल्मांकन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक वातावरण, पर्वतीय संस्कृति एवं विविध लोकेशन फिल्मांकन के लिए अत्यंत उपयुक्त हैं। सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग प्रदेश में हो, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें और पर्यटन को नई गति प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा फिल्म विकास परिषद को सशक्त किया गया है तथा फिल्म स्टूडियो और आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने आशा व्यक्त की कि ‘गौदान’ जैसी प्रेरक फिल्में समाज को सकारात्मक संदेश देंगी, गौ संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाएंगी और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री गणेश जोशी, श्रीमती रेखा आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button