उत्तराखण्डविशेष समाचार

दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या से दहला देहरादून, बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर व्यापार मंडल की आपात बैठक

देहरादून,11 फरवरी 2026। दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के मुख्यालय में आज एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें देहरादून के लगातार बिगड़ते कानून-व्यवस्था के हालात पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में हाल ही में गैस एजेंसी के स्वामी की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मेसोंन ने कहा कि दिनदहाड़े एक प्रतिष्ठित व्यापारी की हत्या अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि देहरादून कभी शांत और सुरक्षित शहर के रूप में जाना जाता था, लेकिन मात्र एक माह के भीतर चार गोलीकांड की घटनाएं यह संकेत देती हैं कि शहर का माहौल बेहद खतरनाक दिशा में जा रहा है।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार एवं शासन-प्रशासन से मांग की कि ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए, ताकि आपराधिक तत्वों के मन में भय पैदा हो और वे ऐसी घटनाओं को अंजाम देने से पहले कई बार सोचें।
बैठक में महामंत्री पंकज डिढ़ान ने भी चिंता जताते हुए कहा कि पलटन बाजार में हाल ही में तीन दुकानों में हुई बड़ी चोरी को एक महीना बीतने वाला है, लेकिन अब तक चोर पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। इसके बाद लगातार सामने आ रहे गोलीकांड यह दर्शाते हैं कि देहरादून में व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं।
बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने एक स्वर में प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Back to top button