उत्तराखण्डराज्य

कुंभ मेला-2027: अक्टूबर तक पूरी हों सभी तैयारियां, सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून,09 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुंभ मेला-2027, हरिद्वार की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां अक्टूबर माह तक हर हाल में पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूर्ण हों और निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। शासन स्तर पर कुंभ से संबंधित कोई भी फाइल लंबित न रहे, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कुंभ मेले का भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन है।
मुख्यमंत्री ने सचिव, लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ मेला हेतु तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का संरचनात्मक ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हर की पैड़ी सहित सभी घाटों के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कार्य करने तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रमुख घाटों पर स्नान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र की स्वच्छता को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, प्रमुख स्थलों पर शौचालय एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों, जल पुलिस की तैनाती तथा ड्रोन, सीसीटीवी और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही कानून व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की अलग-अलग विस्तृत योजना बनाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को भूमि आवंटन तय समय पर किया जाए, जिसकी मेलाधिकारी स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने सभी अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं, समितियों एवं स्थानीय लोगों से समन्वय बनाकर उनके सुझावों के अनुरूप तैयारियां करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कुंभ क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग से संबंधित मामलों में शीघ्र अनुमति प्राप्त करने तथा अन्य राज्यों के साथ भी बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़े सभी विकास कार्य केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आवास, टेंट सिटी, अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस एवं मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button