दून मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुविधा को बड़ी राहत 9 फरवरी से हर फ्लोर पर होगी ओपीडी पंजीकरण व्यवस्था, भीड़ से मिलेगी निजात
देहरादून,07 फरवरी।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में ओपीडी व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में एक अहम प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। चिकित्सालय की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश जारी किए हैं कि दिनांक 9 फरवरी 2026 (सोमवार) से अस्पताल के प्रत्येक तल (फ्लोर) पर ओपीडी पंजीकरण (OPD Registration) की सुविधा शुरू की जाएगी।
यह निर्णय मरीजों से लगातार प्राप्त हो रहे फीडबैक के आधार पर लिया गया है। वर्तमान में ग्राउंड फ्लोर पर अत्यधिक भीड़ के चलते मरीजों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती है। प्रत्येक तल पर पंजीकरण की व्यवस्था लागू होने से न केवल ग्राउंड फ्लोर पर भीड़ कम होगी, बल्कि मरीजों को अधिक त्वरित, सुगम एवं व्यवस्थित सेवाएं भी मिल सकेंगी।
प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि इस व्यवस्था के अगले चरण में बिलिंग काउंटर (Billing Counters) भी चरणबद्ध रूप से प्रत्येक तल पर शुरू किए जाएंगे, जिससे पंजीकरण से लेकर बिलिंग तक की सभी सेवाएं मरीजों को एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक (MS), उप चिकित्सा अधीक्षक (DMS) एवं सभी विभागाध्यक्षों (HODs) को निर्देशित किया है कि ओपीडी सेवाओं को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाए, ताकि पंजीकरण एवं उपचार में लगने वाला प्रतीक्षा समय न्यूनतम हो।
इसके साथ ही सभी ओपीडी में कार्यरत संकाय सदस्यों को निर्देश दिए गए हैं कि—
आपात एवं गंभीर रोगियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
वरिष्ठ नागरिकों एवं विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले मरीजों को प्राथमिकता दी जाए।
प्राचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि ओपीडी सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर अचानक निरीक्षण (Surprise Rounds) किए जाएंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली ओपीडी इकाइयों एवं विभागों को आगामी डॉक्टर्स डे, 15 अगस्त एवं 26 जनवरी के अवसर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।
यह निर्णय न केवल मरीजों की सुविधा में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा, बल्कि दून मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली को अधिक संवेदनशील, व्यवस्थित और मरीज-हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।