उत्तराखण्डहेल्थ

डॉ. गीता जैन के नेतृत्व में राजकीय दून चिकित्सालय में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए ऑक्यूपेशनल थेरेपी सेंटर की शुरुआत

देहरादून 03 फरवरी। प्राचार्य डॉ. गीता जैन के दूरदर्शी नेतृत्व में राजकीय दून चिकित्सालय ने बाल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल की है। चिकित्सालय में ऑक्यूपेशनल एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर की शुरुआत की गई है, जो विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों के उपचार, प्रशिक्षण एवं पुनर्वास के लिए समर्पित रहेगा।
इस नवस्थापित केंद्र में ऑक्यूपेशनल थेरापिस्ट डॉ. श्रद्धा द्वारा बच्चों को उनकी क्षमताओं एवं आवश्यकताओं के अनुरूप थेरापी प्रदान की जाएगी। वहीं, समस्त सेवाएँ पीडियाट्रिक विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार के मार्गदर्शन एवं निगरानी में व्यवस्थित रूप से संचालित होंगी। आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ यह केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक और व्यवहारिक विकास को नई दिशा देगा।
केंद्र में प्रत्येक बच्चे के लिए उसकी आवश्यकता के अनुसार व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार की जाएगी, जिससे उसकी मोटर स्किल्स, सीखने की क्षमता, संवेदी संतुलन और दैनिक कार्यों में आत्मनिर्भरता विकसित हो सके। इसके साथ ही अभिभावकों को विशेषज्ञ परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे घर पर बच्चों के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
राजकीय दून चिकित्सालय की यह पहल न केवल उपचार की सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि उन परिवारों के लिए भी भरोसे का केंद्र बनेगी जो अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की आशा रखते हैं। यह प्रयास समाज में समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने और प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Related Articles

Back to top button