अनुशासन, सेवा भाव और जनसंपर्क से संगठन को मजबूत करें युवा कार्यकर्ता : मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 02 फरवरी 2026। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय जनता पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं से अनुशासन, सेवा भाव एवं प्रभावी जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, समर्पण और सक्रियता विकसित उत्तराखंड के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नव-नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजय कुमार ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। उन्हीं की मेहनत और सेवा भाव के बल पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संगठनात्मक अनुशासन का पालन करते हुए जनसेवा और जनसंपर्क को प्राथमिकता दें तथा प्रदेश निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें।
प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजय कुमार ने संगठन की रीति-नीति, सिद्धांतों और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए टीम भावना, दायित्वबोध और सतत कार्य आवश्यक है। आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में युवा मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार, श्री तरुण बंसल, प्रदेश मंत्री सुश्री नेहा जोशी, युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री श्री आदित्य चौहान, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री विपुल मेंदोली, प्रदेश महामंत्री श्री मुलायम सिंह, श्री दीप कोश्यारी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



