उत्तराखण्डराष्ट्रीय

रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन

देहरादून 02 फरवरी,2026 । केंद्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को पत्र सूचना कार्यालय (PIB) देहरादून में आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के पत्रकारों को रेल बजट 2026-27 के संदर्भ में संबोधित किया।
इस अवसर पर श्री वैष्णव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि रेलवे को इस वर्ष रिकॉर्ड 2.93 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय आवंटित किया गया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक आवंटन के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि इस बजट का सीधा लाभ उत्तराखंड को मिला है। वर्ष 2009 से 2014 के बीच जहां राज्य को रेलवे कार्यों के लिए मात्र 187 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, वहीं रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को 26 गुना अधिक बढ़ोतरी के साथ 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन किया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड में कुल 39,491 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, जिसमें ट्रैक निर्माण, स्टेशन पुनर्विकास तथा सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं। अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों को पूर्ण रूप से पुनर्विकसित किया जा रहा है, जिन पर 147 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
बेहतर कनेक्टिविटी और प्रीमियम सेवाओं के विस्तार के तहत उत्तराखंड में वर्तमान में 3 वंदे भारत एक्सप्रेस और 1 अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है।
नेटवर्क विस्तार एवं विद्युतीकरण पर जानकारी देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक राज्य में लगभग 76 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण किया गया है। उत्तराखंड ने रेलवे में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है, जबकि 2014 से अब तक 334 किलोमीटर रेल लाइनों का विद्युतीकरण किया जा चुका है। इस अवधि में 106 फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनाए गए हैं।
रेलवे सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश में अब तक 54 ‘कवच’ प्रणाली स्वीकृत की जा चुकी हैं। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और यह परियोजना शीघ्र ही उद्घाटन की ओर अग्रसर है।

Related Articles

Back to top button