राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शार्प मेमोरियल स्कूल के बच्चों संग मनाया जन्मदिन
देहरादून 01 फरवरी 2026। 
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने रविवार को लोक भवन में अपना जन्मदिन शार्प मेमोरियल स्कूल के बच्चों के साथ सादगी एवं आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने राज्यपाल को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
राज्यपाल ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके स्नेहपूर्ण अभिवादन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। बच्चों के साथ बिताए गए इस समय को उन्होंने भावनात्मक और प्रेरणादायक बताया।
इसके पश्चात लोक भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भी राज्यपाल से भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। सभी की बधाइयों के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन परिवार की यह आत्मीयता उनके लिए अत्यंत भावुक करने वाली है। उन्होंने इस स्नेह, सम्मान और अपनत्व के लिए सभी का हृदय से आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, राज्यपाल के सचिव श्री रविनाथ रामन, विधि परामर्शी श्री कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, परिसहाय श्री अमित श्रीवास्तव, मेजर सुमित कुमार शादिजा, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित लोक भवन के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।