मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल के कोटाबाग में विद्यार्थियों संग सुना ‘मन की बात’ का 129वां एपिसोड
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत: मुख्यमंत्री
देहरादून/नैनीताल 28 दिसंबर। 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कोटाबाग में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 129वें एपिसोड को आमजन एवं छात्र-छात्राओं के साथ सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम देशवासियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचार प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्र निर्माण की भावना को और अधिक सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के कोने-कोने से जनसामान्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है तथा अनेक उत्कृष्ट और प्रेरणादायी कार्य सामने आते हैं, जिनसे पूरा देश सीख लेता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम ने समाज सेवा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और युवाओं की सकारात्मक भूमिका जैसे विषयों पर गहरा प्रभाव डाला है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम में दी गई सीखों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज व राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद नैनीताल–उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र श्री अजय भट्ट, विधायक कालाढूंगी श्री बंशीधर भगत, विधायक नैनीताल श्रीमती सरिता आर्या, विधायक रामनगर श्री दीवान सिंह बिष्ट, विधायक लालकुआं श्री मोहन सिंह बिष्ट, मेयर हल्द्वानी नगर निगम श्री गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।



