तराई को पंडित सुमेर की सोच के मुताबिक नंबर–1 बनाना है: मुख्यमंत्री,11 शख्सियतों का सम्मान, बड़े विकास कार्यों की घोषणाएँ
रुद्रपुर 04 दिसंबर। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तराई क्षेत्र के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 11 प्रमुख शख्सियतों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि पंडित राम सुमेर राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश, समाज और किसान हित में समर्पित किया।
सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 1936 में मात्र 21 वर्ष की आयु में पंडित शुक्ल ने लाहौर अधिवेशन में मोहम्मद अली जिन्ना के द्विराष्ट्रवाद सिद्धांत का मुखर विरोध कर पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने कानून की प्रैक्टिस छोड़ दी और स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े। कई बार जेल जाने और अत्याचार झेलने के बावजूद उनका साहस अडिग रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तराई कॉलोनाइजेशन योजना के अध्यक्ष के रूप में पंडित शुक्ल ने तराई विकास की मजबूत नींव रखी। उनके पुत्र एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ल इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
सीएम ने बताया कि पं. राम सुमेर शुक्ल के नाम पर रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण जारी है। लगभग 590 करोड़ की लागत से रुद्रपुर बाईपास का निर्माण, खटीमा–टनकपुर एवं गदरपुर–जसपुर चार लेन सड़क, तथा 55 करोड़ की लागत से मानूनगर–गदरपुर–दिनेशपुर–हल्द्वानी मोटरमार्ग चौड़ीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि किच्छा में 351 करोड़ रुपए की लागत से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का तीव्र गति से निर्माण, काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर तथा पंतनगर मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क क्षेत्र की प्रगति में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। खुरपिया में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी इस क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” है कि तराई को पंडित शुक्ल की सोच के अनुरूप आधुनिक, विकसित और समृद्ध क्षेत्र बनाया जाए।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ल ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के नेतृत्व में पंडित राम सुमेर शुक्ल ने तराई के बसाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। आज एम्स, मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और स्मार्ट इंडस्ट्रियल परियोजनाएँ तराई के उज्ज्वल भविष्य का संकेत हैं। उन्होंने कहा—”धामी है तो हामी है”।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पूर्व विधायक राजेश शुक्ल के आवास भी पहुँचे, जहाँ उन्होंने उनकी माताजी से आशीर्वाद लिया और भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, खातिब मलिक, गदरपुर नगरपालिका अध्यक्ष मिंटू गुम्बर, नगर पंचायत दिनेशपुर अध्यक्ष मंजीत कौर, पंडित राम सुमेर शुक्ल मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश शुक्ला तथा डीएम नितिन सिंह भदौरिया सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
