उत्तराखण्डविशेष समाचार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर बड़ोवाला में भव्य पथ संचालन, प्रांत प्रचार प्रमुख संजय जी ने किया प्रेरणादायी संबोधन

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को मानक सिद्ध नगर स्थित बड़ोवाला बस्ती में पथ संचालन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 110 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में सहभाग किया।

कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद स्कूल बड़ोवाला के परिसर में हुआ, जहां संघ से जुड़े अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख श्रीमान संजय जी ने प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।

अपने संबोधन में श्री संजय जी ने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सोए हुए हिन्दू समाज के पुनर्जागरण के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी।

उन्होंने कहा कि जैसे भगवान श्रीराम ने अपने पिता के वचनों का पालन करते हुए वन गमन का आदेश निष्ठा और आज्ञाकारिता के साथ स्वीकार किया, वैसे ही हमें भी अपने कर्तव्यों का पालन राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा से करना चाहिए
उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने जब गोवर्धन पर्वत उठाया, तब उन्होंने गोकुलवासियों को साथ लेकर कार्य किया — यह दर्शाता है कि सामूहिक प्रयास से ही बड़ा कार्य संभव है

श्री संजय जी ने कहा कि संघ भी इसी भावना के साथ समाज के सभी वर्गों को जोड़कर राष्ट्र के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत यदि शक्तिशाली बनेगा तो विश्व में शांति स्थापित होगी, क्योंकि विश्व का संतुलन भारत की आध्यात्मिक शक्ति पर निर्भर है।

अपने वक्तव्य में उन्होंने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा भगवान श्रीराम के समय से चली आ रही है, जो शक्ति और धर्म के संतुलन का प्रतीक है।
उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ऐसा संगठन है जो बिना किसी के कहे सदैव राष्ट्र सेवा में समर्पित रहता है।

उन्होंने संघ की शाखाओं में गाए जाने वाले गीतों —
संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो”,
देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें”,
तन समर्पित, मन समर्पित, और यह जीवन समर्पित” —
का उल्लेख करते हुए कहा कि ये गीत स्वयंसेवकों में निःस्वार्थ सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करते हैं।

श्री संजय जी ने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे भी संघ के आदर्शों से प्रेरणा लेकर भारत माता को परम वैभव के शिखर तक पहुंचाने के महान कार्य में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य किसी वर्ग या व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि समग्र समाज के उत्थान और राष्ट्र के पुनर्निर्माण का है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमान राजेंद्र बसेड़ा जी ने की। इस अवसर पर विभाग सहकार्यवाह अरुण शर्मा जी, महानगर प्रचार प्रमुख मनीष बागड़ी जी, हेमंत उपाध्याय जी, नगर कार्यवाह राकेश नैनवाल जी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक बंधु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button