सोशल मीडिया पर हरदा द्वारा लगाए आरोप बेबुनियाद और अनर्गल: जोशी

देहरादून 16 जुलाई। भाजपा ने पूर्व सीएम हरदा द्वारा जल जीवन मिशन पर लगाए आरोपों पर पलटवार किया कि कांग्रेस को घर घर में नल से जल पहुंचना हजम नहीं हो रहा है। हैरानी है कि जो लंबे शासन के बाद भी, घर छोड़िए, गांव में भी जल उपलब्ध नहीं करा पाए, वे अब सभी घरों में जल पहुंचने की स्वर्णिम उपलब्धि पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने हरीश रावत की सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा, उनके द्वारा लगाए आरोप बेबुनियाद और अनर्गल हैं। वहीं निशाना साधा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब उत्तराखंड में सिर्फ एक लाख 30 हजार घरों में पानी के नल मौजूद थे। इतना ही नहीं, कुल 39 हजार ग्रामीण बस्तियों में से सिर्फ 13 हजार बस्तियों में ही पानी पहुंच पाया था। इन बस्तियों में भी लोगों को घर से बाहर निकल पानी लेने आना पड़ता था। घरों में शौचालय तक नहीं थे, जिसकी तकलीफ विशेषकर हमारी मातृ शक्ति को उठानी पड़ती थी।
उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए, हर घर नल से जल का संकल्प लिया। आज 14 लाख 14 हजार 567 घरों को सीधे नल से जोड़ दिया गया है और बहुत जल्द शत प्रतिशत घरों को नल से जोड़ दिया जाएगा। अब सिर्फ 34267 घरों को ही नल से जोड़ा जाना शेष है। ये सब कांग्रेस शासन में ये सिर्फ एक सपना था, जिसे भाजपा सरकार ने साकार कर दिखाया है। डबल इंजन की सरकार में आज जल के अतिरिक्त उत्तराखंड के हर घर में शौचालय है, हर घर को बिजली से जोड़ा गया है। दुर्गम बर्फीले सीमावर्ती गांवों तक में बिजली पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कटाक्ष किया कि कांग्रेस राज में 70 साल में भी गांवों में बिजली, पानी, शौचालय तक नहीं थे। उनकी सरकारों की प्राथमिकता में आम आदमी की यह समस्या कभी भी नहीं रही। जिन आधारभूत सुविधाओं के सपने कांग्रेस दिखाती थी उन्हें आज भाजपा सरकार ने पूरा कर दिखाया है। यही वजह है कि जनसुविधाओं के ये स्वर्णिम आंकड़े उन्हें हजम नहीं हो रहे हैं। रात दिन वे इसी प्रयास में रहते हैं कि कैसे भी इन उपलब्धियों को कमतर दिखाया जाए। राज्य की जनता, अपने आसपास हो रहे अभूतपूर्व बदलावों का अनुभव कर रही है। यही वजह है कि वह नकारात्मक राजनीति के झांसे में नहीं आते हुए, लगातार भाजपा पर अपना विश्वास जताती है।