उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

महंत देवेन्द्र दास ने दिए संगतों को दर्शन व आशीर्वाद

झंडे जी के आरोहण के बाद दरबार साहिब में चला दर्शनों व मनौतियों का क्रम

देहरादून। रविवार को झंडे जी के आरोहण के बाद सोमवार को भी दरबार साहिब परिसर में संगतों की चहल पहल रही। अल सुबह से ही दरबार साहिब के सज्जादानशीन महंत देवेन्द्र दास जी महाराज के दर्शनों के लिए संगतें कतारें लगाए खड़ी रहीं। महाराज जी ने संगतों को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सिटी मैजिस्ट्रट प्रशासनिक अधिकारियों सहित मीडियाकर्मियों को मेले के सफल आयोजन में मदद एवं सहयोग के लिए आभार जताया। संगतों ने झंडा साहिब पर माथा टेका व मनौतियों मांगी। महाराज जी ने अपने उद्बोधन में संगतों को आदर्श जीवन जीने, पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने, नशा मुक्ति में सहभागी बनने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का सदेंश दिया। उन्होंने जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति व मोक्ष के रहस्य का ज्ञान भी दिया। महाराज जी ने आह्वान किया कि सभी नागरिकों को आदर्श व्यक्ति-आदर्श परिवार का संकल्प लेकर श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने सुख शांति का संदेश एवं गुरु मंत्र देते हुए गुरु महिमा के महत्व से आत्मसात करवाया। दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा होगी। दरबार साहिब के मेला व्यवस्थापक केसी जुयाल ने बताया कि परंपरानुसार श्री झण्डे जी आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। नगर परिक्रमा में 25 हजार से अधिक संगतें शामिल होंगी। मेले में आए लोग ग्रीन टी को खूब पसंद कर रहे हैं। खूद भी ग्रीन टी ले जा रहे हैं और दूसरों को भी ले जाने की सलाह दे रहे हैं। सुबह से ही दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा व गुरु के भजनों की धूम रही।  दरबार साहिब के अन्दर व बाहर संगतों की सेवा में लंगर लगाए गए हैं। महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग व पैरामैडिकल स्टाफ की टीम चिकित्सकीय सेवा के लिए श्री दरबार साहिब में उपलब्ध है। संगतें व दूनवासी झंडे जी मेले के आयोजन का भरपूर लुत्फ उठा रहें हैं।

Related Articles

Back to top button