धर्म-संस्कृति

विहिप के हिन्दू हित चिंतक अभियान का शुभारंभ

 

पुनप्रतिष्ठा के लिए कार्य कर रहा है विहिप: स्वामी अवधेशानंद गिरी

हरिद्वार। विश्व हिन्दू परिषद की ओर से उत्तराखंड में शुरू किए गए हिन्दू हित चिंतक अभियान का शुभारंभ जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा से किया। अभियान का शुभारंभ करते हुए स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने कहा कि अनादि काल से तीर्थ, तीर्थयात्रा, संत, अर्चक, पुरोहित, गऊ, गंगा, वेद, संस्कृत के बल पर हम पराधीनता के लम्बे कालखंड में भी आक्रांताओं के दमन और चुनौतियों का मुकाबला कर अपने जीवनमूल्यों को सुरक्षित रख पाए हैं। विश्व हिन्दू परिषद की प्रेरणा से बजरंगदल के कार्यकर्ता हिन्दू अपमान के प्रतिकार में मजबूती से खड़े हैं। संस्कारित और शौर्यसंपन्न नारी शक्ति की अपनी गौरवशाली परम्परा को पुनर्जीवित करने के कार्य में विश्व हिन्दू परिषद की दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति की बहनें सतत लगी हैं।

हरिद्वार में अभियान का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी रुपेंद्रप्रकाश महाराज ने श्री प्राचीन अवधूत मण्डल आश्रम से किया। इस अवसर पर स्वामी रुपेंद्रप्रकाश महाराज ने कहा कि हिंदू समाज चौतरफा चुनौतियों का सामना कर रहा है। चुनौती के परिमाण में अपनी ताकत बढ़ाने की आवश्यकता है। विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता घर घर जायेंगे और प्रत्येक हिन्दू को हिन्दू समाज के काम से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करेंगे। प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार ने कहा कि हिन्दू हितचिंतक अभियान विश्व कल्याणार्थ हिन्दू जीवन मूल्यों के प्रति अटूट आस्था रखने वाली अजेय हिन्दू शक्ति को खड़ा करने के लिए हिन्दू समाज के संगठन और जागरण के लिए विगत 58 वर्ष से कार्यरत विश्व हिन्दू परिषद प्रत्येक हिन्दू जन तक संपर्क करने का महाभियान हैं। इस अवसर पर प्रांत संयोजक बजरंगदल अनुज वालिया, अनिल भारतीय, नगर संगठन मंत्री कुलदीप कुमार, अमित मुल्तानिया, रोहित चौधरी, प्रदीप वशिष्ठ, सौरभ चौहान के साथ अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button