उत्तराखण्डराजनीतिराज्य

सैलजा के दौरों से नहीं बचेगी कांग्रेस की डूबती नाव,2027 में फिर खिलेगा कमल: सुरेश जोशी

2027 में रैलियों नहीं, धामी सरकार के विकास और सुशासन पर मोहर लगाएगी देवभूमि की जनता: सुरेश जोशी

देहरादून 19 नवम्बर । भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के उत्तराखंड दौरे और सियासी कवायदों पर तीखा व आक्रामक पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश भर में दौरे और बैठकों का दौर चलाकर कांग्रेस अपनी डूबती सियासी नाव को नहीं बचा सकती। उन्होंने कहा कि जो नेता स्वयं छत्तीसगढ़ और हरियाणा में टिकट वितरण के विवादों, गुटबाजी और गंभीर आरोपों से घिरी रही हों, उनका देवभूमि उत्तराखंड में आकर बयानबाजी करना और सरकार पर आरोप मढ़ना जनता के साथ भद्दा मजाक है।

जोशी ने कहा कि कुमारी सैलजा प्रदेश में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के बड़े-बड़े दावे कर रही हैं, जबकि हकीकत यह है कि उत्तराखंड कांग्रेस भीतर से गुटबाजी, अनुशासनहीनता और हताशा के गहरे दलदल में धंसी हुई है। एक ओर कांग्रेस के नेता व विधायक मंचों पर तोड़फोड़, माइक फेंकने, गाली-गलौज और ‘नरबलि’ व ‘गुंडई’ जैसी हिंसक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पार्टी प्रभारी रैलियों और हस्ताक्षर अभियान के नाम पर झूठा नैरेटिव गढ़ने में जुटी हैं। जनता भली-भाँति जानती है कि अराजकता और गुंडई की राजनीति करने वाले लोग कभी प्रदेश का भला नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा कि कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का ‘हस्ताक्षर अभियान’ और जनसभाएं केवल सुर्खियों में बने रहने और अपनी राजनीतिक छटपटाहट छिपाने का असफल प्रयास हैं। पिछले 10 वर्षों से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस के भीतर बौखलाहट चरम पर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जागरूक जनता ने हर चुनाव में कांग्रेस की नकारात्मक, भ्रामक और अवसरवादी राजनीति को नकारते हुए भाजपा के विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों पर भरोसा जताया है।

जोशी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प के साथ सीमांत क्षेत्रों से लेकर पहाड़ और मैदान तक ऐतिहासिक विकास कार्य कर रही है। कुमारी सैलजा की रैलियों और बैठकों से प्रदेश के जनादेश पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है। 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की देवतुल्य जनता एक बार फिर कांग्रेस के इन झूठे अभियानों को सिरे से खारिज करते हुए लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएगी।

Related Articles

Back to top button