उत्तराखण्डराज्यविशेष समाचार

दृष्टिबाधित समाज की प्रतिभा और आत्मविश्वास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

*दृष्टिबाधित भाई-बहनों के कल्याण एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : गणेश जोशी*

देहरादून, 15 नवम्बर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ, उत्तराखण्ड के आठवें सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने दृष्टिबाधित भाई-बहनों से संवाद किया और उनके अधिकारों, सम्मान एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दृष्टि का न होना किसी भी व्यक्ति की कमजोरी नहीं है। दृष्टिबाधित भाई-बहनों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह साबित किया है कि आंखों की रोशनी न होने के बावजूद मन की रोशनी से पूरी दुनिया जीती जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संगीत, खेल और सरकारी सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में दृष्टिबाधित समाज के लोग अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, जो हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने पिछले कई वर्षों से दृष्टिबाधित समाज के अधिकारों और हितों के लिए निरंतर संघर्ष किया है। संगठन के प्रयासों से समाज में जागरूकता बढ़ी है और दृष्टिबाधित भाई-बहनों की आवाज सरकार तक पहुंची है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दृष्टिबाधित भाई-बहनों के कल्याण अधिकारों के संरक्षण और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष शिक्षा, ब्रेल पुस्तकों और छात्रावास की सुविधाओं को और मजबूत करने, सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ सुनिश्चित करने, सरकारी भवनों, बसों और सड़कों को अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने तथा दिव्यांग पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित समाज के सामने अभी भी कई चुनौतियां हैं। सम्मेलन में उठाई गई मांगों और समस्याओं को उन्होंने गंभीरता से सुना है और उन्हें पूरी मजबूती के साथ सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष नरेंद्र सिंह भंडारी, महासचिव पीताम्बर सिंह चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advt.

Related Articles

Back to top button