उत्तराखण्डराज्यशासन

त्योहारों पर बाजारों में अतिक्रमण हटाने और लोडिंग-अनलोडिंग के समय तय

एडीएम केके मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक, आपात स्थिति में शहर कोतवाली से पास लेना होगा

देहरादून 23 अक्टूबर । आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुचारू रखने के लिए शुक्रवार को एडीएम (वित्त) केके मिश्रा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ ट्रैफिक और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड उत्तराखंड के सदस्य एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन तथा उपाध्यक्ष हरीश विरमानी ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बाजारों और उनके आसपास जहां भी अतिक्रमण है, व्यापारी स्वयं उसे हटा लें। ऐसा नहीं करने पर प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी।

इसके अलावा, व्यापारियों को लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य सुबह 11 बजे से पहले और शाम सात बजे के बाद ही करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय के अतिरिक्त किसी आपात स्थिति में माल की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए शहर कोतवाली से पास लेना अनिवार्य होगा। त्योहारों के दौरान निर्धारित समय में छूट केवल वैध पास के आधार पर ही मिलेगी।

व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज मैसोन ने सभी व्यापारियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और त्योहारों के दौरान बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button