जैन मिलन सुभाष नगर एवं जैन मिलन चेतना ने लिटिल स्टार अकेडमी में कराई ‘जैन सम्राट गौरव प्रतियोगिता’
50 छात्र-छात्राओं ने लिया प्रतिभाग, जैन महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराना रहा मुख्य उद्देश्य
देहरादून 23 अक्टूबर
। नई पीढ़ी को जैन समाज के गौरवशाली इतिहास, महान सम्राटों, वीर योद्धाओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से जैन मिलन सुभाष नगर एवं जैन मिलन चेतना द्वारा बनियावाला स्थित लिटिल स्टार अकेडमी में ‘जैन सम्राट गौरव प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने ऐतिहासिक गौरव के प्रति जागरूकता पैदा करना, जैन महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना तथा भावी पीढ़ी को अपने वास्तविक नायकों के बारे में जानकारी देना रहा। प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर संजय जैन, केंद्रीय संयोजक अतिवीर दिनेश जैन, अमित जैन, क्षेत्रीय मुख्य संयोजक वीर अजय जैन, जैन मिलन सुभाष नगर के अध्यक्ष वीर गोपाल सिंघल, जैन मिलन चेतना की अध्यक्ष वीरा रीना सिंघल, मंत्री संध्या जैन, शाखा संयोजक वीरा अंजलि जैन एवं रितिका जैन उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर वीर गोपाल सिंघल ने भारतीय जैन मिलन के इतिहास एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इतिहास की पुस्तकों में हमारे अनेक वास्तविक नायकों और उनके योगदान को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया है। आक्रांताओं का उल्लेख प्रमुखता से किया गया, जबकि जैन समाज के अनेक महान व्यक्तित्वों के योगदान से नई पीढ़ी आज भी पूरी तरह परिचित नहीं है। उन्होंने चंद्रगुप्त मौर्य, बिंबिसार, भामाशाह और राजा टोडरमल जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ना और उनमें इतिहास के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न करना आवश्यक है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर संजय जैन ने भी इस विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को अपने समाज के महान व्यक्तित्वों के जीवन, आदर्शों और योगदान की जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वे उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझ सकें।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि उन्हें भी इतिहास के इस पक्ष की पूरी जानकारी नहीं थी। उन्होंने जैन मिलन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में इस तरह का आयोजन करने से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि हुई है और विद्यालय का मान भी बढ़ा है।
कार्यक्रम में अकेडमी के निदेशक शरद गुप्ता, संजय गुप्ता, प्रधानाचार्या श्रीमती पी मोहन एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने इतिहास पर गर्व करने, महापुरुषों के योगदान को समझने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को जानने का संदेश दिया गया।