उत्तराखण्डजनसुनवाई

एमडीडीए के नोटिसों से परेशान व्यापारियों को विधायक उमेश शर्मा काऊ ने दिया राहत का भरोसा

त्योहारी सीजन में कार्रवाई रुकवाने का आश्वासन, मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर समाधान निकालने का करेंगे प्रयास

देहरादून, 21 अक्टूबर। एमडीडीए डालनवाला एवं केदारपुरम क्षेत्र के स्थानीय व्यापारियों को जारी नोटिसों के बाद उत्पन्न समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने बुधवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ से मुलाकात कर अपनी बात रखी। इस दौरान व्यापारियों ने नोटिसों के कारण हो रही परेशानियों से विधायक को अवगत कराया और राहत दिलाने की मांग की।

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, उत्तराखंड के सदस्य एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन के नेतृत्व में क्षेत्रीय पार्षद देवेंद्र गैरोला और रोबिन त्यागी सहित व्यापारियों ने विधायक उमेश शर्मा काऊ से मुलाकात की।

व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के बाद विधायक उमेश शर्मा काऊ ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए संबंधित कार्रवाई को पूरी तरह रुकवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि इस मामले के समाधान के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री के साथ बैठक भी की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों की समस्याओं का उचित समाधान निकाला जा सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

विधायक के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और त्योहारी सीजन में उन्हें राहत मिलेगी।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के महामंत्री पंकज डिडान सहित डालनवाला, केदारपुरम के व्यापारी एवं अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Advt.

Related Articles

Back to top button