उत्तर प्रदेशधर्म-संस्कृति

जलालाबाद में माँ दुर्गा की ज्योत नगर परिक्रमा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली

पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने पूजा-अर्चना कर किया ऐतिहासिक श्री दुर्गा मंदिर मेले का शुभारंभ, माता के जयकारों से गूंजा नगर

जलालाबाद 19 अक्टूबर । शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जलालाबाद में ऐतिहासिक श्री दुर्गा मंदिर मेले का शुभारंभ माँ दुर्गा की दिव्य ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया गया। दुर्गा अष्टमी के अवसर पर सोमवार देर शाम शक्ति पीठ श्री दुर्गा मंदिर में महाआरती के उपरांत माँ दुर्गा की ज्योत नगर परिक्रमा निकाली गई। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने माता की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर ज्योत यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा वातावरण माँ दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि माँ जगदम्बा शक्ति की प्रतीक हैं। प्रत्येक सनातनी को माँ दुर्गा की उपासना कर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित चंद्रमोहन शास्त्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को माँ जगदम्बा के शक्ति स्वरूप का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा शक्ति, साहस और धर्म की प्रतीक हैं। उनकी आराधना से हमें जीवन में सकारात्मकता, आत्मबल और सदाचार की प्रेरणा मिलती है।
भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालुओं ने की नगर परिक्रमा
माँ दुर्गा की ज्योत यात्रा श्री दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर मोती बाजार, बोहरान मंदिर, पाल धर्मशाला, कटहरा बाजार, नीलगरान चौक और रामनगर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु माँ के भजनों पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह श्रद्धा और भक्ति का माहौल दिखाई दिया।
जलालाबाद में शारदीय नवरात्र के दौरान दुर्गा अष्टमी से चतुर्दशी तक सप्ताह भर चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का आयोजन वर्षों से होता आ रहा है। यह धार्मिक मेला क्षेत्र की आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। मेले के माध्यम से धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश भी दिया जाता है।
ज्योत यात्रा और मेले के शुभारंभ के अवसर पर उपेंद्र गुप्ता, आदेश गर्ग, रविंद्र गर्ग, संजीव अग्रवाल, जनेश्वर सैनी, रोमिल मित्तल, रविंद्र कुमार, बॉबी शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button