भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री ही सुरक्षित नहीं , आम महिलाओं की सुरक्षा राम भरोसे: संजय क्षेत्री
अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी को लेकर मंत्री रेखा आर्य के बयान पर आप महानगर अध्यक्ष ने उठाए सवाल, महिला सुरक्षा के मुद्दे पर धामी सरकार को घेरा
देहरादून 16 अक्टूबर 2026। आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में आम महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, जबकि सरकार के मंत्री महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय विवादित बयानों के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में यदि कोई सुरक्षित नजर आ रहा है, तो वह कैबिनेट मंत्री हैं, जबकि आम महिलाओं की सुरक्षा राम भरोसे है।
संजय क्षेत्री ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यह मामला आज भी उत्तराखंड की जनता के लिए न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही का बड़ा सवाल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित वीआईपी दुष्यंत गौतम के समर्थन में मंत्री रेखा आर्य का बयान सामने आना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग कर रहे लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और इस संवेदनशील प्रकरण में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष जांच तथा उपलब्ध तथ्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
आप नेता ने कहा कि उत्तराखंड की जनता जानना चाहती है कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर भाजपा सरकार की प्राथमिकताएं क्या हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई, पीड़ितों को न्याय और दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। केवल बयानबाजी से महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा नहीं किया जा सकता।
संजय क्षेत्री ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की भावनाओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले से जुड़े सभी सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाए और महिला सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों को सुरक्षित माहौल और न्याय का भरोसा चाहिए, न कि ऐसे बयान जो जनता के मन में संदेह पैदा करें। आम आदमी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के सवाल पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।