राज्यपाल गुरमीत सिंह से मिले विभिन्न प्रतिनिधिमंडल, कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए जताया आभार
कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और शिक्षाविदों ने की भेंट, उत्तराखंड के विकास एवं जनकल्याण में योगदान की सराहना कर दीं शुभकामनाएं
देहरादून,16 अक्टूबर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शुक्रवार को लोक भवन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधिमंडलों ने भेंट की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों,उत्तराखंड शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों तथा उच्च शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने राज्यपाल के कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडलों ने राज्यपाल के साथ मुलाकात के दौरान प्रदेश के विकास, उच्च शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ संवाद और उनके अनुभवों से उन्हें निरंतर प्रेरणा मिली है। प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव, विभिन्न संस्थानों को प्रोत्साहित करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों को सराहनीय बताया। साथ ही, उन्होंने राज्यपाल के आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें देवतुल्य जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों का जो स्नेह, सहयोग और विश्वास मिला, वह उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। सभी के साथ मिलकर प्रदेश के विकास, शिक्षा, नवाचार और जनकल्याण के लिए कार्य करने का अवसर उनके लिए गौरव का विषय रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, यहां के लोगों की आत्मीयता और देवभूमि के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा। प्रदेशवासियों से मिले स्नेह और सहयोग को वह अपने जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल मानते हैं।
कैबिनेट मंत्रियों सहित कई प्रमुख हस्तियों ने की मुलाकात
राज्यपाल से भेंट करने वालों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी और खजान दास, सूचना का अधिकार आयोग की अध्यक्ष राधा रतूड़ी, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण सहित अनेक प्रतिनिधि शामिल रहे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने राज्यपाल के कार्यकाल में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।