अंकिता भंडारी के माता-पिता की गिरफ्तारी के विरोध में सीबीआई कार्यालय पर AAP का प्रदर्शन, कथित VIP को राज्यपाल बनाए जाने पर जताया विरोध
देहरादून,
15 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के माता-पिता की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी और जांच में हो रही देरी के विरोध में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने गुरुवार को सीबीआई कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, उसके माता-पिता के साथ न्याय सुनिश्चित करने और मामले से जुड़े कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर भी कड़ा विरोध जताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड की जनता की भावनाओं से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है। ऐसे में प्रकरण से जुड़े कथित वीआईपी को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच के माध्यम से मिलना चाहिए। पार्टी ने मांग की कि किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पद या प्रभाव के आधार पर जांच के दायरे से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की लड़ाई है। अंकिता के माता-पिता को न्याय मांगने के लिए यदि कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है तो यह बेहद पीड़ादायक है। उनकी पीड़ा को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना समाज और सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता लंबे समय से इस मामले में पूर्ण पारदर्शिता और न्याय की मांग कर रही है। जनता के मन में उठ रहे सवालों का समाधान निष्पक्ष जांच और तथ्यों को सामने लाकर ही किया जा सकता है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
पार्टी के मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उत्तराखंड की बेटी को न्याय मिलना चाहिए और उसके परिवार को इस लड़ाई में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
वरिष्ठ नेता श्याम बाबू पाण्डेय ने दोहराया कि अंकिता को न्याय दिलाने, उसके माता-पिता के सम्मान और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुण्डीर, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, शैलेश तिवारी, विनोद बजाज, गणेश कुड़ियाल, छात्र इकाई अध्यक्ष अक्षय शर्मा, अशोक सेमवाल, सी पी सिंह, विजय कुमार, रेखा सिंह, अफसाना, सोनिया, राजीव तोमर, ज्योति, विजय भूषण, वंश भूषण, शिवम, आशीष, गौरव, प्रीतम जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।