श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु जगत जननी मां की आराधना के साथ जन्म देने वाली मां का सम्मान और सेवा भी करें : पंडित जी
युवा पीढ़ी को सनातन धर्म से जोड़ने के उद्देश्य से युवा सेवा दल ने कराया मां भगवती का पूजन
देहरादून,
13 अक्टूबर। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, देहरादून में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां भगवती के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर पंडित जी ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि जगत जननी मां भगवती की पूजा-अर्चना के साथ अपनी जन्म-जननी मां का आदर-सम्मान करना और उनकी सेवा करना भी अत्यंत आवश्यक है। जो भक्त अपनी मां का सम्मान करता है, उनकी सेवा करता है और उनके प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता है, उस पर ही जगत जननी मां की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा और सम्मान भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के महत्वपूर्ण संस्कार हैं।
युवा सेवा दल ने कराया मां भगवती का पूजन
मंदिर में सायंकाल युवा सेवा दल की ओर से मां भगवती की पूजा-अर्चना कराई गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को सनातन धर्म, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक संस्कारों से जोड़ना रहा। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने मां भगवती का गुणगान किया और धर्म एवं संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
भजन संध्या में मां के भजनों पर झूमे भक्त
सायंकाल आयोजित भजन संध्या में शिव शक्ति जागरण पार्टी, देहरादून के कलाकारों ने मां भगवती की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। भजन संध्या में ‘सारा संसार झुके तेरे दरबार’, ‘मेरी खाली झोली भर दी रे, मुझे इतना दिया मेरी माता’ और ‘शक्ति दे मां, भक्ति देना’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
वहीं, ‘जब मेला मैया का लगदा है’ भजन की प्रस्तुति के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय उल्लास से गूंज उठा। श्रद्धालु अपने स्थानों पर खड़े होकर भक्ति में झूमने लगे। पूरा वातावरण मां भगवती के जयकारों और भजनों से गुंजायमान हो गया।
कार्यक्रम के अंत में मां भगवती की आराधना के साथ नवरात्र पाठ किया गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को पंचमेवा का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर दिगंबर भागवत पुरी, दिगंबर दिनेश पुरी, आचार्य भारत भूषण भट्ट, आशीष उनियाल, अजय गुप्ता, सोहनलाल गर्ग, अचल पुंडीर, दिलीप सैनी, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, एडवोकेट राजेंद्र आनंद, राजकुमार गुप्ता, शैलेंद्र सिंघल, कान्हा मित्तल, दीपक मित्तल, संगीता गुप्ता, मेघा गर्ग, प्रीति गुप्ता, कांता अग्रवाल सहित युवा सेवा दल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।