अपराधउत्तराखण्ड

तपोवन की विष्णुलोक कॉलोनी में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपती समेत घरेलू सहायिका की हत्या

देहरादून, 06 अक्टूबर। राजधानी देहरादून के तपोवन क्षेत्र स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को एक ही घर में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची रायपुर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद करते हुए आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार अपराह्न करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना रायपुर को सूचना मिली कि तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा घर में चोरी का प्रयास किया गया है और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया है। सूचना पर थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पेचकस से घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपती पर हमला किया था। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला ने बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर घर के अंदर पड़े मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पेचकस भी बरामद किया गया।
मृतक महिला के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिए गए आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद की है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस द्वारा अन्य सीसीटीवी फुटेजों का भी गहनता से अवलोकन किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का कार्य करने के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी वह बुजुर्ग दंपती के बुलाने पर प्लंबिंग का काम करने उनके घर पहुंचा था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसका बुजुर्ग दंपती से विवाद हो गया। इसी दौरान उसने अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया। इसी बीच पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनकर वहां पहुंची और बीच-बचाव करने लगी, जिस पर आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ के साथ ही घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button