उत्तराखण्डयातायात संबंधी

आशारोड़ी सड़क दुर्घटना स्थल का परिवहन विभाग की लीड एजेंसी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा के लिए होंगे तात्कालिक उपाय

देहरादून 06 अक्टूबर । परिवहन विभाग की लीड एजेंसी के अधिकारियों ने संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा की अध्यक्षता में 06 अक्टूबर को परिवहन चैकपोस्ट आशारोड़ी के निकट हुई सड़क दुर्घटना के स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुर्घटना के कारणों और मौके पर उपलब्ध साक्ष्यों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण दल में उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) देहरादून डॉ. अनीता चमोला, संजय सिंह बिष्ट, नरेश संगल, अविनाश चौधरी, सहायक निदेशक एवं सदस्य लीड एजेंसी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह, एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शामिल रहे। जांच दल में जेपीआरआई प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर सुमित ढुल एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।
लीड एजेंसी की टीम ने मौके पर उपलब्ध साक्ष्यों को एकत्र करने के साथ ही डाटकाली मंदिर टनल से आशारोड़ी चैकपोस्ट तक नवनिर्मित मार्ग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, इस मार्ग पर पिछले कुछ समय से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। निरीक्षण में यह बात भी सामने आई कि अधिकांश दुर्घटनाएं प्रातःकालीन समय में भारी वाहनों से संबंधित रही हैं। मंगलवार को हुई दुर्घटना में पुलिस विभाग की बस और एक भार वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं।
जांच दल द्वारा दुर्घटना के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट शीघ्र शासन को प्रेषित की जाएगी। वहीं, एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि उनके स्तर से भी इस स्थल का सीआरआरआई के माध्यम से ऑडिट कराया जा रहा है। ऑडिट रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दीर्घकालीन सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
तत्काल किए जाएंगे ये शॉर्ट टर्म उपाय
जांच दल ने दुर्घटना की संभावनाओं को कम करने के लिए कई तात्कालिक उपाय किए जाने की आवश्यकता बताई है। इनमें पुलिस चैकपोस्ट से ज्वाइंट चैकपोस्ट के बीच लगभग दो किलोमीटर मार्ग पर कम से कम दो स्थानों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की गति नियंत्रित करना शामिल है।
इसके अलावा पूरे मार्ग पर दो से तीन स्थानों पर डिजिटल स्पीड डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाने, आशारोड़ी चैकपोस्ट पर स्मार्ट सिटी द्वारा स्थापित डिस्प्ले बोर्ड को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने तथा चैकपोस्ट के आसपास पेड़ों और झाड़ियों की लॉपिंग कराने की आवश्यकता बताई गई है।
जांच दल ने राज्य के प्रवेश द्वार सहित मार्ग के विभिन्न स्थानों पर बड़े चेतावनी साइन बोर्ड लगाने का भी सुझाव दिया है। इन बोर्डों पर “लगातार ढलान है, कृपया गति पर नियंत्रण रखें”, “दुर्घटना संभावित स्थल—कृपया सावधानी बरतें” सहित यात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने वाले संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button