टनकपुर दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने सीता रसोई के भंडारे में की सेवा, श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
टनकपुर 03 अक्टूबर
। टनकपुर दशहरा महोत्सव में सहभागिता के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सीता रसोई में आयोजित भंडारे में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को स्वयं प्रसाद वितरित किया और भंडारे में सेवा कर रहे आयोजकों एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सेवा, सहयोग और सहभागिता की भावना समाज को एकजुट करने का कार्य करती है। उन्होंने भंडारे में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे आयोजकों एवं स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान श्रद्धालुओं में मुख्यमंत्री के साथ प्रसाद वितरण को लेकर उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से भी संवाद किया और सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।