बाजपुर के एकलव्य विद्यालय में जुएल ओराम ने विद्यार्थियों से किया संवाद, उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर
गांधी जयंती पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में विद्यार्थियों के साथ चलाया स्वच्छता अभियान
देहरादून/बाजपुर,0
2 अक्टूबर। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में आयोजित स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की और विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई। केंद्रीय मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों से जाना पढ़ाई और भविष्य के सपनों का हाल
श्री जुएल ओराम ने विद्यालय के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
एकलव्य विद्यालय को सैनिक स्कूल और नवोदय की तर्ज पर सुविधाएं देने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बाजपुर को आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों से सुसज्जित करते हुए एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय में ऐसा बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर जोर रहेगा, जिससे यह भविष्य में सैनिक स्कूल एवं जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।
इस दौरान श्री ओराम ने विद्यार्थियों द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित लगाए गए प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
स्वच्छता को जीवनभर अपनाने वाला मूल्य बताया
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाया जाने वाला मूल्य है। स्वच्छता बेहतर स्वास्थ्य, गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय के साथ-साथ अपने घरों और गांवों में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता को राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन में परिवर्तित करने और ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के विजन से प्रेरित ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारी के मूल्यों को विकसित करना सामूहिक संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालय कर्मचारियों तथा स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरे के पृथक्करण, पर्यावरण जागरूकता और जनभागीदारी से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शशानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी तथा स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दौरान वे एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय शिक्षा एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर स्थानीय हितधारकों और अधिकारियों के साथ संवाद करने के साथ वरिष्ठ नागरिक कल्याण, स्वच्छ भारत अभियान एवं जनजातीय शिक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग ले रहे हैं। इस दौरान वे उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में भी शामिल होंगे।