उत्तराखण्डसंस्कृति

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मंत्री गणेश जोशी ने किया वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

बुजुर्ग अनुभव के विश्वविद्यालय, उनके ज्ञान और संस्कार समाज की अमूल्य धरोहर’

देहरादून,

01 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी वृद्धजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमारी संस्कृति, संस्कारों और जड़ों को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां माता-पिता और बुजुर्गों को देवतुल्य माना जाता है। बुजुर्ग केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके त्याग, परिश्रम और अनुभवों से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वृद्धजन केवल उम्र के आधार पर वरिष्ठ नहीं होते, बल्कि वे अनुभव के विश्वविद्यालय हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में संयुक्त परिवारों के बिखरने और रोजगार के लिए युवाओं के बाहर जाने के कारण अनेक बुजुर्ग अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में समाज और परिवार की जिम्मेदारी है कि वे बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और देखभाल को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ों के बुजुर्गों ने मंडुवा, झंगोरा और चौलाई जैसे पारंपरिक मिलेट्स को पीढ़ियों तक संरक्षित रखा, जिन्हें आज पूरी दुनिया सुपर फूड के रूप में पहचान रही है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती और मिलेट्स के संरक्षण में बुजुर्गों के पारंपरिक ज्ञान को कृषि नीति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
गणेश जोशी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन कम से कम दस मिनट अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ बिताएं, उनकी बातें सुनें और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार वृद्धजनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह की गई है तथा इसका भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘मेरा गांव, मेरे बुजुर्ग मेरी जिम्मेदारी’ अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में वृद्धाश्रमों को ‘आनंद आश्रम’ के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जहां बुजुर्गों को घर जैसा वातावरण, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं एवं योग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। समाज कल्याण विभाग द्वारा श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, वॉकर एवं दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने जेएन यादव (86 वर्ष), डॉ. एम.आर. चौरसिया (83 वर्ष), ब्रिगेडियर केजी बहल (92 वर्ष), कैप्टन खेम बहादुर थापा (88 वर्ष), कैप्टन प्रेम सिंह बोरा (83 वर्ष), मस्तान सिंह रावत (82 वर्ष), आरएस परिहार (86 वर्ष), मोहन लाल गांधी (87 वर्ष), ऊषा डोभाल (90 वर्ष), कृपाल सिंह चावला (91 वर्ष) तथा मंगल सिंह जवाड़ी (98 वर्ष) सहित कई वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठजनों ने भी अपने अनुभव साझा किए और आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, रघुवीर सिंह भंडारी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग, निरंजन डोभाल, सुरेंद्र राणा, आशीष थापा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button