उत्तराखण्डपर्यावरण

विद्यालय परिसर में झाड़ू लगाकर मंत्री गणेश जोशी ने दिया स्वच्छता का संदेश

स्वच्छ भारत’ से स्वच्छ विचारों तक का संकल्प जरूरी, विकसित भारत @2047 के वाहक हैं देश के युवा : गणेश जोशी

देहरादून, 01 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत कालीदास रोड स्थित एसजीआरआर पब्लिक स्कूल में स्वच्छ भारत अभियान एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यालय परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई का विषय नहीं, बल्कि हमारे जीवन, विचारों और व्यवहार का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को विशेष महत्व दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना चाहिए, उसी प्रकार मन और विचारों की स्वच्छता भी जरूरी है। मन में मौजूद नकारात्मकता और गंदगी को दूर कर सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है और इसे केवल किसी अभियान तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का विशेष महत्व है। बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित होने से इसका सकारात्मक प्रभाव परिवार और समाज तक पहुंचता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
गणेश जोशी ने कहा कि विकसित भारत @2047 के संकल्प के वाहक देश के युवा हैं। युवा शक्ति के संकल्प, अनुशासन और सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता को स्थायी जनआंदोलन बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया तथा परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद मोहन बहुगुण, प्रधानाचार्य अरुण सक्सेना, उप प्रधानाचार्य अभिनव मदवाल, भावना बिष्ट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button