उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

शहीद सैनिकों व राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे गणेश जोशी

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक सहित गणमान्य लोगों ने किया अमर बलिदानियों का स्मरण

देहरादून, 29 सितंबर। जोगीवाला स्थित नाइन पाम वेडिंग प्वाइंट में शहीद सैनिकों एवं राज्य आंदोलनकारियों की पुण्य आत्माओं की शांति और सद्गति के लिए आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग कर अमर बलिदानियों की आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए विधिवत आहुति अर्पित की।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया तथा व्यासपीठ पर विराजमान कथा वाचक आचार्य श्यामसुंदर जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए आयोजन के लिए संस्था के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शहीद सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों का बलिदान उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर है। उनके त्याग और संघर्ष के कारण ही आज प्रदेशवासी स्वतंत्र एवं सुरक्षित वातावरण में जीवन जी रहे हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने और उनकी पुण्य स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां के प्रत्येक परिवार का सेना से भावनात्मक जुड़ाव है। सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के साथ-साथ उनके परिवारों के हितों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।
गणेश जोशी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को सेवा, त्याग, संस्कार और मानवता का संदेश देती हैं। श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ ही आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, सुभाष भट्ट, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, बलवंत सिंह, ईरा कुकरेती, वंदना रावत, अनुज रावत, उमाकांत भट्ट सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button