उत्तराखण्डआपदा

टीएचडीसी हाइड्रो पावर अभियांत्रिकी कॉलेज में 514 छात्र-छात्राओं को दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

टिहरी गढ़वाल, 26 सितंबर। जिलाधिकारी के निर्देशों तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में चंबा ब्लॉक क्षेत्रांतर्गत टीएचडीसी हाइड्रो पावर अभियांत्रिकी कॉलेज, भागीरथीपुरम में आपदा प्रबंधन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं संस्थान के स्टाफ को खोज-बचाव, प्राथमिक उपचार और आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही भूदेव ऐप डाउनलोड एवं उपयोगिता की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में डीडीएमए टिहरी के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा से पूर्व, आपदा के दौरान और आपदा के बाद की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के उपायों के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान खोज एवं बचाव कार्य में उपयोग होने वाले बेसिक उपकरणों के बारे में बताया गया। प्रतिभागियों को आपातकालीन टोल फ्री नंबरों की जानकारी देने के साथ जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर (CPR) देने की विधि का भी प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने की तकनीक, स्थानीय संसाधनों की मदद से स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया।
प्रशिक्षक ने बाढ़ एवं जलभराव, भूकंप, घरेलू आग और जंगल की आग जैसी आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी भी विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित लोगों को भूदेव ऐप की उपयोगिता तथा आपदा की स्थिति में इसके महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान की डॉ. रमना त्रिपाठी, प्राध्यापक, डॉ. संजय रावत, सहायक प्राध्यापक तथा श्री अतुलेश डबराल, सहायक प्राध्यापक सहित छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 514 महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button