उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल का प्रस्ताव, ग्राहकों को पहले निपटाने होंगे जरूरी काम

एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई और मोबाइल बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने की सलाह

देहरादून 24 सितंबर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की ओर से 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्तावित हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए बैंकों ने अपने ग्राहकों से आवश्यक बैंकिंग कार्य पहले ही निपटाने की अपील की है।
बैंक की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि हड़ताल की अवधि के दौरान ग्राहकों को आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का भरसक प्रयास किया जाएगा। हालांकि, संभावित व्यवधान को देखते हुए ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे 28 सितंबर से पहले अपने जरूरी बैंकिंग लेनदेन पूरे कर लें।
नकदी की आवश्यकता वाले ग्राहक एटीएम और एडीडब्ल्यूएम का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने की सलाह दी गई है। बैंकिंग जरूरतों के लिए इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई सहित अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की अपील भी की गई है।
बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल की संभावित अवधि को ध्यान में रखते हुए समय रहते अपने आवश्यक लेनदेन की योजना बनाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैंक ने संभावित असुविधा के लिए ग्राहकों से खेद व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button