भारतीय मजदूर संघ उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की भेंट
सिडकुल श्रमिकों की समस्याओं, श्रम कानूनों के अनुपालन, औद्योगिक शांति तथा विभिन्न महासंघों की मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा

सिडकुल प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने मौके से ही अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश; विभिन्न विभागों के मामलों में शीघ्र सचिव स्तरीय वार्ता के आदेश
देहरादून, 24 सितम्बर 2026।
भारतीय मजदूर संघ (BMS), उत्तराखण्ड के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम के नेतृत्व में माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से भेंट कर प्रदेश के श्रमिकों एवं कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने “राष्ट्र हित, उद्योग हित एवं श्रमिक हित” की मूल भावना के अनुरूप विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री जी को सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। वार्ता के दौरान प्रदेश में औद्योगिक शांति, श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन, सिडकुल एवं अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं तथा भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न महासंघों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सिडकुल में श्रम कानूनों के अनुपालन का मुद्दा प्रमुखता से उठा
प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल ने सिडकुल एवं प्रदेश के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों से जुड़े विषयों को मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि कई औद्योगिक इकाइयों में न्यूनतम वेतन, समय पर वेतन भुगतान, वेतन पर्ची, ओवरटाइम, ईएसआई, पीएफ, ग्रेच्युटी एवं बोनस सहित विभिन्न श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर श्रमिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की अनेक समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हो पा रहा है तथा श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने से श्रमिकों में असंतोष व्याप्त है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना औद्योगिक शांति और स्वस्थ औद्योगिक संबंधों के लिए आवश्यक है। विषय की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री जी ने मौके से ही संबंधित उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पंजीकृत यूनियनों की मान्यता और श्रमिक बोर्डों की नियमित बैठकों की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक संस्थानों में पंजीकृत श्रमिक यूनियनों के साथ नियमानुसार संवाद सुनिश्चित करने तथा यूनियन प्रतिनिधियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखी।
इसके साथ ही श्रम संविदा सलाहकार बोर्ड, जिसकी बैठक लंबे समय से नहीं हुई है, तथा सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत लगभग पांच लाख श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए बोर्ड की नियमित बैठकें आयोजित कराने का आग्रह किया गया।
विभिन्न महासंघों की मांगों पर सचिव स्तरीय वार्ता के निर्देश
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न महासंघों की लंबित मांगों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय मंत्रियों की अध्यक्षता में सचिव स्तरीय वार्ता आयोजित कराने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा गया। मुख्यमंत्री जी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों के सचिवों को भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी, आशा, परिवहन, GMVN, NHM एवं चीनी मिल कर्मियों के मुद्दे भी उठे
बैठक में विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों से जुड़े श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि का विषय रखा गया, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
उत्तराखण्ड परिवहन निगम के कर्मचारियों की सेवा संबंधी विभिन्न मांगों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) एवं आशा स्वास्थ्य कार्यकत्रियों से जुड़े विषयों तथा गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के कर्मचारियों और चीनी मिल कर्मियों की लंबित मांगों पर भी मुख्यमंत्री जी का ध्यान आकृष्ट कराया गया। GMVN से संबंधित मांगों एवं समस्याओं का ज्ञापन भी मुख्यमंत्री जी को सौंपा गया। मुख्यमंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए शीघ्र सचिव स्तर पर वार्ता कराने के लिए निर्देशित किया।
भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी द्वारा श्रमिकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ श्रमिक हितों का संरक्षण और श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन ही स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण औद्योगिक वातावरण की आधारशिला है।
प्रतिनिधिमंडल में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी अनुपम क्षेत्र संगठन मंत्री, बीएमएस उमेश जोशी,प्रदेश अध्यक्ष, सुमित सिंघल — प्रदेश महामंत्री, अजयकांत शर्मा — प्रदेश उपाध्यक्ष, गंगा गुप्ता — प्रदेश उपाध्यक्ष,श्रीमती वृंदा — महामंत्री, उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, देवेंद्र मिश्रा — परिवहन मजदूर संघ सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


