युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाना लक्ष्य : चौधरी जयंत सिंह
जलालाबाद (शामली) 12 सितम्बर
। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के मार्गदर्शन में युवाओं को रोजगार तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय उद्यमी सशक्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। कौशल विकास मंत्रालय एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के सहयोग से इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उन्हें व्यवसायिक कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पिछले दो दिनों से जनपद शामली में राष्ट्रीय उद्यमी सशक्तिकरण अभियान यात्रा के माध्यम से विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं से संवाद कर उन्हें केंद्र सरकार की कौशल विकास एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। थानाभवन विधानसभा क्षेत्र में शायान अली खान ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर युवाओं को अभियान से जुड़ने तथा उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के तहत सोनता रसूलपुर, थानाभवन स्थित राष्ट्रीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में बड़ी संख्या में जनपद के युवाओं ने पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया। इस दौरान युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
अभियान का उद्देश्य युवाओं को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए सक्षम बनाना है।
शायान अली खान ने अभियान से जुड़े सभी पंजीकृत युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कौशल विकास और उद्यमिता के माध्यम से युवा अपने सपनों को साकार करने के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।