नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों को वैश्विक पाठकों तक पहुंचाएगी ‘ब्रेडेड इमोशंस’: गणेश जोशी
गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गढ़वाली गीतों एवं उनके बोलों का अंग्रेजी में अनुवादित अनूठा संग्रह है ‘ब्रेडेड इमोशंस’
देहरादून, 11 सितंबर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से शुक्रवार को उनके कैंप कार्यालय में लेखक मुकेश लाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान लेखक ने गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गढ़वाली गीतों एवं उनके बोलों का अंग्रेजी में अनुवादित अनूठा संग्रह ‘ब्रेडेड इमोशंस’
पुस्तक मंत्री गणेश जोशी को भेंट की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुस्तक के प्रकाशन एवं लेखक मुकेश लाल के प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीत उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, पहाड़ की जीवनशैली और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से स्वर प्रदान करते हैं। उनके गीतों में उत्तराखंड की मिट्टी, लोकजीवन और पहाड़ की संवेदनाओं की गहरी झलक मिलती है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों का अंग्रेजी में अनुवाद होने से उत्तराखंड की लोकभाषा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के पाठकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे उत्तराखंड के लोक साहित्य और संस्कृति को व्यापक स्तर पर समझने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ‘ब्रेडेड इमोशंस’ जैसे प्रयास उत्तराखंड की लोक संस्कृति और साहित्य को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने लेखक मुकेश लाल के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुस्तक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।