माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों से मिले सीएम धामी
रियांश और प्रिशा ने 5,895 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
देहरादून 08 सितम्बर
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना दोनों बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी 9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत और नैनीताल जिले के बैलपड़ाव निवासी 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को समुद्र तल से 5,895 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर वहां तिरंगा फहराया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल तथा अन्य साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।