उत्तराखण्डहेल्थ

स्वास्थ्य महानिदेशक ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए समयबद्ध कार्य निस्तारण के निर्देश

लंबित प्रकरणों पर तय होगी जिम्मेदारी, RTI मामलों का समयसीमा में निस्तारण करने के आदेश

देहरादून 05 सितंबर । महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ.सुनीता टम्टा की अध्यक्षता में शनिवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय में समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानिदेशालय के विभिन्न अनुभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। महानिदेशक ने कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार, पारदर्शिता और प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. सुनीता टम्टा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय में प्राप्त किसी भी पत्रावली अथवा प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। किसी प्रकरण के निस्तारण में देरी पाए जाने पर संबंधित अनुभाग के प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी और विलंब के कारणों का स्पष्ट उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
महानिदेशक ने संयुक्त निदेशक एवं सहायक निदेशक स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने अनुभागों में संचालित कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निस्तारित करें। अधिकारियों को अपने अनुभाग की कार्यप्रणाली के प्रति पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा गया।
RTI प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर
बैठक में सूचना का अधिकार (RTI) अनुभाग के कार्यों की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई। महानिदेशक ने निर्देश दिए कि RTI से संबंधित सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण किया जाए, ताकि आवेदक एवं अपीलकर्ता को समय पर वांछित सूचना उपलब्ध कराई जा सके।
कार्यालय समय में उपस्थिति अनिवार्य
डॉ. सुनीता टम्टा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित कार्यालय समय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनधिकृत अनुपस्थिति अथवा विलंब से कार्यालय पहुंचने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रभावी एवं उत्तरदायी कार्यालय व्यवस्था के लिए समयपालन, अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक हैं। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और गंभीरता से करना होगा।
महानिदेशक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। विभागीय कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में स्वास्थ्य महानिदेशालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button