उत्तराखण्डधर्म-कर्म

श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

नेपाल त्रासदी प्रभावितों के लिए जुटाई गई सहयोग राशि, मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म पर झूमे श्रद्धालु

देहरादून, 4 सितंबर। श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व नेपाल में हुई भीषण त्रासदी में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही त्रासदी प्रभावितों की सहायता के लिए सहयोग राशि भी एकत्र की गई।
दिगंबर दिनेश पुरी ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर प्रातः मंदिर में विराजमान श्री राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं को पवित्र गंगाजल आदि से स्नान कराने के बाद सुंदर चोला अर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई भीषण त्रासदी को देखते हुए इस बार जन्माष्टमी आयोजन में कुछ कमी करते हुए बचाई गई धनराशि तथा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से प्राप्त सहयोग राशि को सेवादल के माध्यम से उचित माध्यम से राहत कोष में भेजा जाएगा।
रात्रि आठ बजे से मंदिर परिसर में आकर्षक धार्मिक झांकियां प्रदर्शित की गईं। त्रिशूल पर हवा में विराजमान भगवान शिव-पार्वती, चंद्रमा पर झूला झूलते श्री राधे-कृष्ण, भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी पर हवा में विराजमान राधा जी तथा जल में विशाल शेषनाग पर विराजमान श्री लक्ष्मी नारायण की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
कायस्थ सेवा दल की ओर से कान्हा के स्वरूप में मंदिर पहुंचे छोटे बच्चों को आकर्षक पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं जुनून डांस एकेडमी की श्रीमती अर्चना सिंघल के नेतृत्व में बच्चों ने ‘चलो वृंदावन धाम’, ‘बृज की छोरी’ और ‘बड़ा नटखट है रे कृष्ण कन्हैया’ सहित विभिन्न भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। वासुदेव का पात्र निभाने वाले कलाकार जब श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को अपने शीश पर धारण कर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में झूमने लगे। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप पर पुष्पवर्षा भी की गई।
आचार्य भारत भूषण भट्ट के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री लड्डू गोपाल जी का पवित्र गंगाजल, दूध, दही, घी, शक्कर एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को सुंदर वस्त्र अर्पित कर भव्य श्रृंगार किया गया तथा गुलाब के पुष्पों की माला पहनाकर सुंदर सजे पालने में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती कर माखन-मिश्री का भोग लगाया।
सेवादल की ओर से बताया गया कि 5 सितंबर को शाम 7:30 बजे से मध्यरात्रि तक श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर परिसर में भव्य नंद उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें मथुरा-वृंदावन से आए लगभग 51 कलाकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में दीप नृत्य, महाकाल जी की भस्म आरती, मयूर नृत्य, महाराष्ट्र की लठमार होली, देशभक्ति झांकी तथा फूलों की होली सहित अनेक आकर्षक कार्यक्रम होंगे। मध्यरात्रि में युवा सेवा दल की ओर से मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, नवीन गुप्ता, गोयल रोहित अग्रवाल, जुनून डांस एकेडमी की अर्चना सिंघल, रजनीश यादव, तुषार बंसल, कपिल गुप्ता एडवोकेट, राजकुमार गुप्ता, दीपक मित्तल, नीरज गोयल, राजेंद्र आनंद, कार्तिक कान्हा, अभिनव, विजन श्रीवास्तव, प्रीति गुप्ता, संगीता गुप्ता, रीमा अग्रवाल, क्षमा, शालिनी गोयल, नीलम सिंघल, विनोद अग्रवाल, अखिल अग्रवाल, शैलेंद्र सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सेवादल के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button